



मुंबई। विश्व जल दिवस 2026 के अवसर पर रिलायंस फाउंडेशन द्वारा शुरू किया गया ‘वॉटर फॉर लाइफ’ (#Water4Life) अभियान अब देशभर में एक बड़े जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। इस अभियान के तहत महज 10 दिनों में 15 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 108 जिलों में 33,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने मिलकर 1,400 से ज्यादा जल स्रोतों की सफाई की। इस दौरान 912 गांवों में नदियों, झीलों और तटीय क्षेत्रों से करीब 85,000 किलो कचरा हटाया गया, जिससे जलाशयों को पुनर्जीवित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
अभियान के तहत कोच्चि बीच, नर्मदा नदी के घाट और रंकाला झील जैसे प्रमुख स्थलों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जहां स्थानीय किसानों, महिलाओं, युवाओं और रिलायंस फाउंडेशन के कर्मचारियों ने श्रमदान कर सहभागिता निभाई। यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जल संरक्षण और सामुदायिक जागरूकता को बढ़ावा देने का एक बड़ा प्रयास है।
रिलायंस फाउंडेशन के ग्रामीण परिवर्तन कार्यक्रम के विस्तार के रूप में इस अभियान के तहत अब तक 2,000 लाख क्यूबिक मीटर से अधिक जल संचयन किया जा चुका है। इसके अलावा 2,500 प्रशिक्षित ‘विलेज क्लाइमेट चैंपियंस’ इस मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं, जो जल साक्षरता, अपशिष्ट प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दे रहे हैं। यह पहल देश में जल सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में एक दीर्घकालिक प्रयास के रूप में उभर रही है।