



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर ‘माय भारत पोर्टल’ के तहत प्रदेश में संचालित गतिविधियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए इस पोर्टल के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों का विस्तार किया जाए और उन्हें व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति को सशक्त बनाने के लिए ऐसे प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग आवश्यक है, जिससे युवाओं को अवसर, कौशल विकास और सहभागिता के नए रास्ते मिल सकें।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पोर्टल के जरिए युवाओं को जोड़ने, कार्यक्रमों की संख्या बढ़ाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस पहल को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जाए, ताकि अधिकाधिक युवाओं को इससे जोड़ा जा सके और उनके सर्वांगीण विकास में योगदान सुनिश्चित हो।