



पुष्कर। पुष्कर में आयोजित 45 दिवसीय शत गायत्री पुनश्चरण महायज्ञ के दौरान स्थापित अस्थाई चिकित्सालय की सेवाओं को देखकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व आरटीसी के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर अचंभित रह गए। यह चिकित्सालय डॉक्टर कुलदीप शर्मा सेवा संस्थान द्वारा स्थापित किया गया है, जहां मरीजों को निःशुल्क जांच, दवाइयां और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पूर्व आरटीसी के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर ने चिकित्सालय की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की और सेवा भाव से किए जा रहे इस प्रयास को अनुकरणीय बताया। इस अवसर पर उनके जन्मदिवस के मौके पर सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु राजस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा और डॉक्टर कुलदीप शर्मा ने उन्हें भगवा शॉल ओढ़ाकर शुभकामनाएं दीं।
चिकित्सालय में करीब 20 बेड की व्यवस्था के साथ मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और यह सेवा पूरे 45 दिनों तक निरंतर जारी रहेगी। आयोजन स्थल पर सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस सेवा कार्य की सराहना की। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य भवानी शंकर शर्मा, तीर्थ पुरोहित पंडित यज्ञ नारायण गौड़, श्रीमती कीर्ति अग्रवाल (एडवोकेट), डीडी वर्मा, पंडित बलराम शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए संस्थान के प्रयासों की प्रशंसा की।