Thursday, 02 April 2026

अजमेर विकास को लेकर सक्रिय हुए विधानसभा अध्यक्ष देवनानी, आईटी पार्क में निवेश और नई रेल सेवाओं पर केंद्र से मांगा सहयोग


अजमेर विकास को लेकर सक्रिय हुए विधानसभा अध्यक्ष देवनानी, आईटी पार्क में निवेश और नई रेल सेवाओं पर केंद्र से मांगा सहयोग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

दिल्ली। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रियों से मुलाकात कर अजमेर के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भेंट कर आईटी पार्क के विकास, पासपोर्ट सेवाओं के उन्नयन, रेलवे विस्तार और प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। देवनानी ने आईटी पार्क में बड़ी कंपनियों के निवेश को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया, जिस पर सकारात्मक आश्वासन मिला कि अजमेर में आईटी सेक्टर को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान देवनानी ने अजमेर रेलवे स्टेशन की ऐतिहासिक और रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए वंदे भारत कोच निर्माण कारखाने की स्थापना का प्रस्ताव रखा। साथ ही उन्होंने अजमेर से नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग की, जिसमें उदयपुर-जयपुर वाया अजमेर वंदे भारत ट्रेन, अजमेर-मैसूर ट्रेन को दैनिक करना, अजमेर-जोधपुर इंटरसिटी सेवा और अजमेर-चेन्नई साप्ताहिक ट्रेन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अजमेर स्टेशन से प्रतिदिन करीब 150 ट्रेनों का संचालन होता है और लगभग 50 हजार यात्री आवागमन करते हैं, ऐसे में रेल सेवाओं का विस्तार आवश्यक है।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भेंट में देवनानी ने अजमेर स्थित पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र को पूर्ण विकसित पासपोर्ट कार्यालय में बदलने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि अजमेर पर्यटन, धार्मिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है, जहां पासपोर्ट सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। साथ ही खाड़ी देशों में कार्यरत अजमेर सहित देश के नागरिकों की सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया। यह पहल अजमेर के बुनियादी ढांचे, रोजगार, पर्यटन और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Previous
Next

Related Posts