



जयपुर। जयपुर सेंट्रल जेल से जुड़ी एक कथित फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वायरल तस्वीर में नजर आ रहा युवक हत्या के मामले में जेल में बंद रह चुका बताया जा रहा है और दावा किया जा रहा है कि यह फोटो जेल परिसर के अंदर की है। इस दावे के सामने आने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि प्रशासन ने अभी तक इस फोटो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार फोटो में दिख रहा युवक हसनपुरा निवासी मोहम्मद समीर बताया जा रहा है, जो वर्ष 2021 से 2025 तक हत्या के मामले में जयपुर सेंट्रल जेल में बंद रहा था। इसके बाद जून 2025 में आर्म्स एक्ट के एक मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हुई थी और वह 3 जुलाई 2025 तक जेल में रहा। फिलहाल वह जेल में बंद नहीं है। बताया जा रहा है कि हाल ही में समीर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें अपलोड की हैं, जिनमें से एक को जयपुर सेंट्रल जेल का बताया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने लालकोठी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस फोटो की सत्यता, लोकेशन और अपलोड करने वाले व्यक्ति की तकनीकी जांच में जुट गई है। जयपुर में इससे पहले भी जेल परिसर से वीडियो और रील वायरल होने के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें सुरक्षा चूक को लेकर सवाल उठे थे। जेल प्रशासन का कहना है कि बिना तकनीकी जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। साइबर और तकनीकी टीम को जांच सौंपी गई है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि तस्वीर वास्तव में जेल परिसर की है या सोशल मीडिया पर फैलाया गया भ्रामक दावा।