



जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को लेकर विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।
प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसमें पंचायत और निकाय चुनावों में देरी को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जनजागरण और संगठन सशक्तिकरण पर जोर दिया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 से 7 अप्रैल तक सभी विधानसभा समन्वयक और ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकों के माध्यम से ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे तथा जनजागरण कार्यक्रम और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पंचायत और वार्ड स्तर की समितियों के गठन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। 8 से 14 अप्रैल के बीच जिला स्तर पर कांग्रेस कमेटियों द्वारा बैठकों, धरना-प्रदर्शन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अभियान को गति मिल सके।
वहीं 15 से 30 अप्रैल तक जिला कांग्रेस कमेटियां अपने-अपने क्षेत्रों में बड़े स्तर पर जनसभाएं, विरोध प्रदर्शन और संगठनात्मक गतिविधियां चलाएंगी, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए गांव-गांव और वार्ड स्तर तक पहुंच बनाएं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनजागरण करें।
