



चोमू (जयपुर)। खंडेलवाल समाज चोमू द्वारा कवि शिरोमणि संत सुन्दरदास जी महाराज की 430 वीं जयंती रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम चोमू नगर परिषद क्षेत्र में गढ़ गणेश मंदिर के पास स्थित खंडेलवाल धर्मशाला में आयोजित किया गया, जिसमें समाज के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में समाज बंधुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संत सुन्दरदास जी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर संत सुन्दरदास जी की प्रार्थना, स्त्रोत और चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया तथा उनके जीवन और विचारों से समाज को अवगत कराया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतवर्षीय खंडेलवाल वैश्य महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रो. रमेश कुमार रावत ने संत जी के जीवन, उनके द्वारा विभिन्न भाषाओं में रचित ग्रंथों और समाज को दिए गए संदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज बंधुओं को पंचमुखी रुद्राक्ष की कंठी वितरित कर उसका धार्मिक महत्व भी समझाया।
कार्यक्रम में नव निर्वाचित कार्यकारिणी और संरक्षक सदस्यों का सम्मान भी किया गया। इस आयोजन पर महासभा के विभिन्न पदाधिकारियों ने चोमू खंडेलवाल समाज को बधाई देते हुए इसे समाज को एकजुट करने वाला प्रेरणादायक आयोजन बताया।