Wednesday, 01 April 2026

बस खड़ी करने के विवाद में बुजुर्ग की मौत, पड़ोसी पर हत्या का मामला दर्ज


बस खड़ी करने के विवाद में बुजुर्ग की मौत, पड़ोसी पर हत्या का मामला दर्ज

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। पत्रकार कॉलोनी इलाके में घर के सामने बस खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक रिटायर्ड बैंककर्मी की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह की है, जिसका पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया है।

थानाधिकारी मदनलाल कड़वासरा ने बताया कि मृतक के बेटे रजत सिंह की रिपोर्ट पर आरोपी छोटेलाल सैनी, उसकी पत्नी और बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, परिवार सुधा एनक्लेव, न्यू सांगानेर रोड क्षेत्र में रहता है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे पड़ोसी की ट्रेवल्स बस घर के सामने खड़ी थी, जिससे रास्ता संकरा हो गया और आवाजाही में परेशानी होने लगी।

बताया गया कि जब बिजेन्द्र सिंह ने बस चालक को टोका, तो बस में बैठी छोटेलाल की पत्नी रेखा और उसका बेटा नीचे उतरकर विवाद करने लगे। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए, जिसके बाद छोटेलाल भी मौके पर पहुंच गया और विवाद बढ़ गया।

रजत सिंह का आरोप है कि छोटेलाल, उसकी पत्नी और बस चालक ने मिलकर बिजेन्द्र सिंह के साथ मारपीट की। इसी दौरान छोटेलाल ने उन्हें जोरदार धक्का दिया, जिससे वे असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वे बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घर के सामने बस खड़ी करने को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट होते देखी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts