Wednesday, 01 April 2026

राजस्थान में 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले, संदेश नायक को बनाया जयपुर कलक्टर


राजस्थान में 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले, संदेश नायक को बनाया जयपुर कलक्टर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर कार्मिक विभाग ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस सूची में 25 जिलों के कलक्टरों को भी बदला गया है, वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय में भी बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिला है।

तबादलों के तहत जयपुर कलेक्टर डॉ. जितेंद्र सोनी को मुख्यमंत्री के सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री के विशिष्ट सचिव संदेश नायक को जयपुर का नया कलेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा अरविंद कुमार पोसवाल को हाउसिंग बोर्ड का आयुक्त नियुक्त किया गया है।

सीकर कलेक्टर मुकुल शर्मा, जो हाल ही में वन मंत्री से विवाद के चलते चर्चा में थे, उन्हें मुख्यमंत्री का विशिष्ट सचिव बनाया गया है। वहीं डीग कलेक्टर उत्सव कौशल को मुख्यमंत्री का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय में नए अधिकारियों की एंट्री भी हुई है। रिया डाबी को उदयपुर जिला परिषद के सीईओ पद से हटाकर मुख्यमंत्री का ओएसडी बनाया गया है। इसके साथ ही किशनगढ़ एसडीएम रजत यादव, भीलवाड़ा एसडीएम अक्षत कुमार सिंह और अमिता शर्मा को भी ओएसडी पद पर नियुक्त किया गया है।

आईएएस टीना डाबी का तबादला बाड़मेर से टोंक कलक्टर के रूप में किया गया है। लंबे समय बाद जयपुर कलेक्टर में बदलाव किया गया है, जिसे प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अन्य तबादलों में जनजाति क्षेत्रीय विकास आयुक्त केएल स्वामी को जोधपुर का संभागीय आयुक्त बनाया गया है। वहीं आबकारी आयुक्त नकाते शिवप्रसाद मदन को अक्षय ऊर्जा निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता को आबकारी आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

Previous
Next

Related Posts