



जयपुर। प्रदेश में पिछले दो–तीन दिनों से हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई जिलों में खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इस गंभीर स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।
टीकाराम जूली ने कहा कि किसानों की महीनों की मेहनत कुछ ही पलों में मिट्टी में मिल गई है और वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया कि प्रभावित जिलों में फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि सर्वे के आधार पर किसानों को राहत देने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा तुरंत की जानी चाहिए, जिससे किसानों को इस मुश्किल समय में सहारा मिल सके। जूली ने जोर देकर कहा कि सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना चाहिए, ताकि उन्हें आगे की खेती के लिए मदद मिल सके।