



जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर अजमेर के पर्यटन विकास और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक तारागढ़ किला और वरुण सागर को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र सरकार से आर्थिक सहयोग देने का आग्रह किया।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात में बताया कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान से जुड़े तारागढ़ किले के विकास के लिए राज्य सरकार ने बजट में प्रावधान किया है, लेकिन इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा करने के लिए केंद्र की सहायता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वरुण सागर, जिसे पहले फाय सागर के नाम से जाना जाता था, को भी आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है और यहां वरुण देवता की अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया कि तारागढ़ किला और वरुण सागर सहित अजमेर के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास के लिए विस्तृत परियोजना तैयार कर केंद्र से सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से अजमेर में डाकघर और बीएसएनएल कार्यालय के पास की सड़क को चौड़ा करने के मुद्दे पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि यहां ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की समस्या लगातार बनी रहती है, इसलिए जनहित में सड़क चौड़ीकरण जरूरी है। इस पर सिंधिया ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का भरोसा दिलाया।
मुलाकात के दौरान देवनानी ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों को विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित “संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष-नवाचारों के 2 वर्ष”, विधानसभा दैनंदिनी और अपनी पुस्तक “सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि” भी भेंट की।