Tuesday, 31 March 2026

भाजपा सरकार स्वच्छ भारत की राह में रोड़ा, गांवों को बदहाली में धकेला: टीकाराम जूली


भाजपा सरकार स्वच्छ भारत की राह में रोड़ा, गांवों को बदहाली में धकेला: टीकाराम जूली

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार के लोकतंत्र विरोधी रवैये के कारण समय पर पंचायती राज चुनाव नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी हार के डर से जनता का सामना करने से बच रही है, जिसका खामियाजा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

टीकाराम जूली ने कहा कि पंचायत चुनाव नहीं होने और फंड की कमी के चलते गांवों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और कई गांव गंदगी के ढेर में तब्दील हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सत्ता बचाने में व्यस्त है और ग्रामीण विकास पूरी तरह ठप हो चुका है।

स्वच्छ भारत अभियान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह अभियान केवल प्रचार तक सीमित रह गया है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि मंत्री केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित हैं, जबकि गांवों में नालियां जाम हैं और सफाई व्यवस्था बदहाल है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि वह बहानेबाजी छोड़कर तुरंत पंचायती राज चुनाव कराए और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना बंद करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों का विरोध जारी रखेगी।

Previous
Next

Related Posts