



जयपुर। राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशों के तहत जयपुर शहर में घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अवैध रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा गठित विशेष प्रवर्तन दलों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण कर एक साथ दबिश दी और कई अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया।
कार्रवाई के दौरान कुल 118 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, 3 इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 2 अन्य उपकरण, 3 रिफिलिंग मोटर, 1 रेगुलेटर तथा 1 पिकअप वाहन जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से गैस रिफिलिंग और भंडारण करने वालों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान के लिए जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम द्वारा तीन विशेष प्रवर्तन दलों का गठन किया गया था। दल ‘ए’ में कविता शर्मा (प्रवर्तन अधिकारी) और सुनीता चौधरी (प्रवर्तन निरीक्षक), दल ‘बी’ में पूजा शर्मा और विजयलक्ष्मी शर्मा (प्रवर्तन अधिकारी), जबकि दल ‘सी’ में निर्मला चौधरी (प्रवर्तन अधिकारी) और प्रिया गंगवानी (प्रवर्तन निरीक्षक) शामिल थीं। इन टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए शहर में अवैध गैस कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।