



जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की एडहॉक कमेटी राज्य में क्रिकेट गतिविधियों को नई दिशा देने की तैयारी में जुट गई है। कमेटी सदस्य आशीष तिवाड़ी ने बताया कि इस बार पुराने हॉट वेदर क्रिकेट टूर्नामेंट की तर्ज पर अप्रैल के आखिरी सप्ताह या मई की शुरुआत में नए क्रिकेट सीजन की शुरुआत करने की योजना बनाई जा रही है। इस बदलाव का उद्देश्य मानसून के दौरान होने वाली समस्याओं से खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को राहत देना है, क्योंकि बारिश के कारण अक्सर मैच प्रभावित होते हैं और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर असर पड़ता है।
उन्होंने बताया कि समय से पहले सीजन शुरू होने से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा और वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे। नए सीजन में सबसे पहले अंडर-16 और जूनियर वर्ग की प्रतियोगिताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इस संबंध में जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा और विशेषज्ञों की टीम इस पर मंथन कर रही है। साथ ही चयन समितियों का गठन भी शीघ्र किया जाएगा, ताकि चयन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।
एडहॉक कमेटी के सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने कहा कि इस बार खिलाड़ियों की ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं को समय पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे खिलाड़ियों को स्टेट टीम चयन से पहले बल्लेबाजी, फील्डिंग और फिटनेस में बेहतर तैयारी का मौका मिलेगा।
वहीं सदस्य अर्जुन बेनीवाल ने बताया कि हर साल मानसून के कारण कई मैच रद्द हो जाते हैं, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर नहीं मिल पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए सीजन के समय में बदलाव का निर्णय लिया गया है, ताकि बारिश से पहले सभी मुकाबले सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सकें।