



जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने डॉक्टर के घर से 50 लाख रुपए नकद चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दोनों घरेलू नौकरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 33 लाख रुपए बरामद किए हैं, जबकि बाकी रकम की तलाश जारी है।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि इस मामले में सुमित खेतान (38) निवासी शिवदासपुरा, सांगानेर और सीमा सैनी (34) निवासी केकड़ी, अजमेर (हाल गोविंद सिटी, सांगानेर) को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि सुमित खेतान ने ही चोरी की पूरी योजना बनाई थी और उसने किचन में काम करने वाली नौकरानी सीमा सैनी को इसमें शामिल किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सुमित ने अपने मालिक को किचन में नकदी छिपाते हुए देख लिया था। इसके बाद उसने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी और एक्सेस का फायदा उठाकर पूरी योजना बनाई। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले किचन के कैमरे बंद कर दिए थे, जबकि अन्य कैमरे चालू रहे।
मामले में गोकुलपुरा निवासी डॉ. प्रभाकर सेठी (78) ने 26 मार्च को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को उन्होंने अपनी पोती की ट्यूशन फीस के लिए 50 लाख रुपए नकद घर की किचन में छिपाकर रखे थे। 24 फरवरी को घर का शीशा तोड़कर चोरी की कोशिश हुई थी और सीसीटीवी फुटेज में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच वारदात होने की पुष्टि हुई।
डॉ. सेठी ने यह भी बताया कि 19 मार्च की रात उनके पालतू कुत्ते की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसकी जांच भी पुलिस कर रही है। 25 मार्च को जब उन्होंने पैसे चेक किए तो नकदी गायब मिली, जिसके बाद चोरी का मामला सामने आया।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर शेष रकम की बरामदगी के प्रयास कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।