



जयपुर। प्रदेश में एलपीजी किल्लत की खबरों के बीच अतिरिक्त मुख्य सचिव (माइंस एवं पेट्रोलियम) अपर्णा अरोरा ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्थाओं को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन के विस्तार के लिए बड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने राज्य की सभी 13 सीजीडी संस्थाओं को वर्तमान 1.25 लाख घरेलू पाइपलाइन गैस कनेक्शनों को बढ़ाकर आगामी तीन माह में 5 लाख घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य दिया है। साथ ही औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी डीपीएनजी सेवाओं से जोड़ने के लिए रोडमैप तैयार करने को कहा गया है।
सोमवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में अपर्णा अरोरा ने कनेक्शन जारी करने की गति बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 50 कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं, जिन्हें बढ़ाकर 200 प्रतिदिन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में गैस की आधारभूत संरचना तैयार हो चुकी है, वहां जिला प्रशासन और सीजीडी संस्थाएं मिलकर तेजी से कनेक्शन जारी करें और हरित ऊर्जा को बढ़ावा दें।
उन्होंने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे सीजीडी संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा कराएं, साथ ही जागरूकता कार्यक्रम चलाकर आम नागरिकों और उद्योगों को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित करें। अपर्णा अरोरा ने जयपुर के विश्वकर्मा, झोटवाड़ा और महिंद्रा सेज सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, भीलवाड़ा के टेक्सटाइल क्लस्टर और बालोतरा के औद्योगिक क्षेत्रों में भी प्राकृतिक गैस सुविधा का विस्तार करने पर जोर दिया।
इसके अलावा होटल और ढाबा संचालकों को भी प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सीजीडी संस्थाओं को तय समयसीमा और स्पष्ट रोडमैप के साथ काम करना होगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह पहल केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इससे प्रदेश में स्वच्छ एवं सुलभ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।