



जयपुर के प्रताप नगर स्थित राजकीय आयुष चिकित्सालय में शनिवार को निःशुल्क नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद बैरवा के निर्देशन में हुआ, जिसमें नशे की समस्या को सामाजिक विकास के लिए गंभीर चुनौती बताया गया। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है।
इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. मोनिका शर्मा और डॉ. सीमा मीणा ने 35 मरीजों को निःशुल्क परामर्श और औषधियां प्रदान कीं। चिकित्सकों ने मरीजों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में समझाया और इससे बाहर निकलने के लिए आयुर्वेद, योग और अनुशासित दिनचर्या को प्रभावी उपाय बताया। डॉ. मोनिका शर्मा ने कहा कि यदि व्यक्ति नियमित जीवनशैली अपनाए और सही उपचार ले, तो नशे की लत पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया जा सकता है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। चिकित्सालय प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता और उपचार शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित किया जा सके।