Monday, 30 March 2026

जयपुर नगर निगम ने होटल मैरियट से 2.21 करोड़ और होटल रमाडा से 48 लाख यूडी टैक्स की वसूली


जयपुर नगर निगम ने होटल मैरियट से 2.21 करोड़ और होटल रमाडा से  48 लाख यूडी टैक्स की वसूली

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर में नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त अभियान चलाते हुए सोमवार को बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई की। शहर के अलग-अलग जोनों में चलाए गए इस अभियान के तहत कई प्रमुख संपत्तियों को कुर्क किया गया। कार्रवाई के दबाव में होटल कारोबारियों सहित कई संपत्ति धारकों ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर दी।

मालवीय नगर जोन में निगम की टीम ने होटल मैरियट, होटल रमाडा और होटल जेएसके समेत कुल आठ संपत्तियों को कुर्क किया। अधिकारियों के अनुसार होटल मैरियट पर करीब 2.21 करोड़ रुपए और होटल रमाडा पर 48 लाख रुपए का यूडी टैक्स बकाया था। राजस्व अधिकारी पवन मीणा ने बताया कि निगम की कार्रवाई के बाद दोनों होटलों ने छूट योजना का लाभ लेते हुए मात्र दो घंटे के भीतर पूरा बकाया जमा कर दिया, जिसके बाद कुर्की हटा दी गई।

सिविल लाइन्स जोन में भी छह संपत्तियों पर कार्रवाई की गई। यहां एनबीसी कैंपस स्थित नेशनल इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के रिट्रीट प्लांट, क्रिकेट ग्राउंड और गेस्ट हाउस को कुर्क किया गया। राजस्व अधिकारी प्रशांत लखन के अनुसार इन संपत्तियों पर लगभग 2.44 करोड़ रुपए का यूडी टैक्स बकाया है। इस दौरान दो संपत्ति धारकों ने मौके पर ही 6.58 लाख रुपए जमा कराए।

मानसरोवर जोन में सात संपत्तियों पर कार्रवाई की गई, जिन पर 23 लाख रुपए से अधिक का बकाया था। निगम की सख्ती के चलते तीन संपत्ति धारकों ने 5.79 लाख रुपए तुरंत जमा कराए, जिसके बाद उनकी संपत्तियों को कुर्की से मुक्त कर दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यूडी टैक्स की वसूली के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। समय पर कर जमा नहीं करने वाले बड़े बकाएदारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    Previous
    Next

    Related Posts