Monday, 30 March 2026

सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में बड़े फैसले: इंजीनियरों की भर्ती, एग्जाम सिस्टम सख्त और CCTV पुलिस से लिंक


सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में बड़े फैसले: इंजीनियरों की भर्ती, एग्जाम सिस्टम सख्त और CCTV पुलिस से लिंक

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

उदयपुर की मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में प्रशासनिक और शैक्षणिक सुधारों को लेकर कई अहम फैसले लिए गए हैं। काउंसिल ऑफ डीन्स (COD) की बैठक में यूनिवर्सिटी के एस्टेट ऑफिस के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए सिविल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरों सहित तकनीकी स्टाफ की भर्ती को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर बी.पी. सारस्वत ने की, जिसमें प्रशासन, वित्त, पढ़ाई और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई और अधिकांश प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।

यूनिवर्सिटी की आय बढ़ाने के लिए गोल्डन जुबली गेस्ट हाउस की नई दरों को भी मंजूरी दी गई है। अब यह सुविधाएं सरकारी दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है।

प्रवक्ता डॉ. कुंजन आचार्य के अनुसार बैठक का मुख्य फोकस परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाना रहा। हाल ही में प्रश्नपत्रों में सामने आई गड़बड़ियों को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। अब सभी परीक्षाएं तय समय पर आयोजित होंगी और परिणाम भी समय पर घोषित किए जाएंगे।

एग्जाम से जुड़े गोपनीय कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए यूनिवर्सिटी ने दो नई बोलेरो गाड़ियां खरीदने का निर्णय भी लिया है। इसके अलावा आईआईएम उदयपुर से संबंधित 21.93 लाख रुपए के भुगतान पर भी अंतिम निर्णय लिया गया।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से यूनिवर्सिटी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को राजस्थान पुलिस के अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ने का फैसला किया गया है, जिससे निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

शैक्षणिक क्षेत्र में एमएससी माइक्रोबायोलॉजी कोर्स में सामान्य फीस वाली सीटें शुरू करने को मंजूरी दी गई है। वहीं रिसर्च स्कॉलर्स (JRF और NET) को राहत देते हुए उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है।

इस बैठक में फ्रेशर्स पार्टी, ITEP संस्थानों को NOC और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर भी निर्णय लिए गए, जिससे यूनिवर्सिटी के समग्र संचालन को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

Previous
Next

Related Posts