



बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा मंत्री विजय कुमार चौधरी और विधान परिषद सदस्य संजय गांधी के माध्यम से विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को सौंपा गया।
मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री अब राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं, इसलिए यह इस्तीफा संवैधानिक प्रक्रिया के तहत दिया गया है।
नीतीश कुमार अब विधान परिषद के सदस्य नहीं
नीतीश कुमार अब विधान परिषद के सदस्य नहीं रहे हैं। संसदीय कार्य मंत्री ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सभापति ने इस्तीफा मंजूर कर लिया है। इस्तीफे के बाद मंत्री अशोक चौधरी भावुक नजर आए और उनकी आंखों में आंसू भी दिखे। वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि यह इस्तीफा दबाव में लिया गया है और इसके पीछे भारतीय जनता पार्टी की भूमिका है।
नितिन नवीन ने भी अपनी बांकीपुर विधानसभा सीट से दिया इस्तीफा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी अपनी बांकीपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया है। उनका त्यागपत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंपा। बताया जा रहा है कि नितिन नवीन ने असम रवाना होने से पहले ही अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को दे दिया था।