



जयपुर के महेश नगर इलाके में रविवार देर रात शराब की दुकान के बाहर विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आक्रोशित लोगों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और एक स्कूटी में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार यह घटना रात करीब 10:30 बजे केके फैक्ट्री के पास स्थित एक शराब दुकान के बाहर हुई। स्थानीय लोग लंबे समय से दुकान का विरोध कर रहे थे। इसी विरोध के चलते अचानक माहौल बिगड़ गया और वहां से गुजर रहे वाहनों को निशाना बनाया गया। सूचना मिलते ही महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने स्कूटी में लगी आग को बुझाया और क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को हटवाया।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उपद्रव में शामिल करीब एक दर्जन लोगों को राउंडअप किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।