



जयपुर में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन मेडिकल स्टूडेंट घायल हो गए। यह हादसा जेएलएन मार्ग स्थित जीटी पुलिया के पास करीब 1:30 बजे हुआ, जब एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के छात्र समर, सुनील और देवांक पावर बाइक पर सवार होकर कॉलेज से जवाहर सर्किल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने से बाइक पीछे से कार में जा घुसी।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार तीनों में से समर की हालत सबसे ज्यादा गंभीर है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। सुनील की स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है, जबकि देवांक की हालत फिलहाल स्थिर है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी के निर्देशन में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षतिग्रस्त बाइक को थाने में खड़ा करवा दिया गया है। वहीं, हादसे के बाद फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।