Sunday, 29 March 2026

बीसलपुर-जयपुर पेयजल परियोजना का रखरखाव समय से पहले पूरा, दोपहर में ही शुरू हुआ पम्प संचालन


बीसलपुर-जयपुर पेयजल परियोजना का रखरखाव समय से पहले पूरा, दोपहर में ही शुरू हुआ पम्प संचालन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर में बीसलपुर-जयपुर पेयजल परियोजना के अंतर्गत निर्धारित रखरखाव कार्य समय से पहले पूर्ण कर जलदाय विभाग ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जलदाय मंत्री कन्हैया लाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कुशल योजना और त्वरित क्रियान्वयन के जरिए 24 घंटे के निर्धारित शटडाउन से पहले ही सभी कार्य पूरे कर लिए। 

अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ के अनुसार, 28 मार्च रात 8 बजे से 29 मार्च रात 8 बजे तक शटडाउन प्रस्तावित था, लेकिन सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे होने के बाद 29 मार्च को दोपहर 2:30 बजे ही बीसलपुर इनटेक पम्प हाउस से पम्प संचालन शुरू कर दिया गया। इसके बाद सूरजपुरा फिल्टर प्लांट से जल शोधन कर शाम 4:50 बजे जयपुर के लिए पेयजल आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई और रात 9 बजे तक पानी बालाबाला पम्पहाउस पहुंच गया।

इस दौरान ट्रांसमिशन पाइपलाइन और प्रमुख पम्पिंग स्टेशनों पर व्यापक रखरखाव कार्य किए गए। इनमें 26 किमी और 5 किमी चौनेज पर लीकेज मरम्मत, वीटी पम्पों के वाल्व और गैस्केट की मरम्मत, सूरजपुरा फिल्टर प्लांट की सफाई, 33 केवी विद्युत प्रणाली का रखरखाव और रेनवाल पम्पिंग स्टेशन पर तकनीकी कार्य शामिल रहे।

जयपुर शहर में भी विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण कार्य किए गए, जिनमें सीबीआई फाटक, जगतपुरा में इंटरकनेक्शन, अशोक मार्ग पर रिसाव मरम्मत, किशनबाग नाला पर एयर वाल्व प्रतिस्थापन, सेंट्रल पार्क पम्पिंग स्टेशन की मरम्मत, बालाबाला, जवाहर सर्कल, मानसरोवर समेत कई क्षेत्रों में जलाशयों की सफाई और पाइपलाइन सुधार शामिल हैं।

विभाग ने ग्रीष्म ऋतु से पहले सभी आवश्यक रखरखाव कार्य पूर्ण कर लिए हैं, जिससे आने वाले गर्मी के मौसम में जयपुर शहरवासियों को निर्बाध, नियमित और बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

Previous
Next

Related Posts