



महाराष्ट्र के नासिक में गिरफ्तार स्वयंभू ‘बाबा’ अशोक खरात की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने शनिवार को बताया कि खरात के खिलाफ दो और नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद कुल FIR की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इनमें 8 मामले यौन शोषण से जुड़े हैं, जबकि 2 मामलों में धोखाधड़ी के आरोप शामिल हैं।
विशेष जांच दल (SIT) को पिछले पांच दिनों में 100 से अधिक शिकायतें फोन के माध्यम से प्राप्त हुई हैं। जांच को आगे बढ़ाने के लिए SIT ने आमजन से जानकारी जुटाने हेतु दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। हालांकि पुलिस के अनुसार अधिकांश शिकायतकर्ता महिलाएं हैं, लेकिन बहुत कम लोग औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे आ रहे हैं।
गौरतलब है कि अशोक खरात को 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था, जब एक महिला ने आरोप लगाया था कि खरात ने तीन वर्षों तक उसका बार-बार यौन शोषण किया। इसके बाद एक अन्य महिला ने भी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि वैवाहिक और आर्थिक समस्याओं के समाधान के बहाने खरात ने मार्च 2022 से 2024 के बीच उसका शोषण किया।
वहीं, धोखाधड़ी के एक मामले में नेवासा के कपड़ा व्यापारी राजेंद्र भगवत ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापार में लाभ के लिए खरात ने उनसे सोने की अंगूठी और रत्न लेकर बदले में नकली अंगूठी और रत्न दिए, जिसके लिए उन्होंने 2.62 लाख रुपये चुकाए थे।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी संकेत दिए हैं कि इस पूरे मामले में हवाला रैकेट से जुड़े होने की भी आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है। लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद यह मामला अब और गंभीर रूप लेता जा रहा है और आने वाले दिनों में इसमें और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।