



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया। यह परियोजना पूरी तरह विकसित होने पर एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने जा रही है, जिसे चार चरणों में तैयार किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने देश की बुनियादी ढांचा विकास यात्रा को नई गति मिलने की बात कही और इसे उत्तर भारत के लिए एक बड़ा आर्थिक और लॉजिस्टिक हब बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी चिंता जताई और इजराइल-अमेरिका तथा ईरान के बीच चल रहे तनाव से उत्पन्न वैश्विक संकट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक देश का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को प्रभावित करने वाला संकट है। पीएम मोदी ने बताया कि इस विषय पर हाल ही में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा की गई है। उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे समय में धैर्य और एकजुटता बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि देश इस चुनौती का मजबूती से सामना कर सके।
प्रधानमंत्री ने मोदी यह भी संकेत दिया कि वैश्विक अस्थिरता का असर अर्थव्यवस्था, ऊर्जा और आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़ सकता है, इसलिए देश को सतर्क और संगठित रहने की आवश्यकता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन जहां एक ओर विकास की नई दिशा का प्रतीक है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री का संदेश देश को वैश्विक चुनौतियों के प्रति तैयार रहने की चेतावनी भी देता है।