



शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कोटा दौरे के दौरान बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि 12 वीं कक्षा का परिणाम 28 से 31 मार्च के बीच जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शिक्षा विभाग ने परीक्षा और परिणाम प्रक्रिया में समयबद्ध सुधार किया है, जिसके चलते पहली बार 10वीं का परिणाम मार्च माह में ही घोषित किया गया। मंत्री ने दावा किया कि इस बार 10वीं का रिजल्ट पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहा है और छात्रों ने उल्लेखनीय प्रगति दिखाई है। इसके लिए उन्होंने शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बधाई भी दी।
मदन दिलावर ने आगे कहा कि सरकार का उद्देश्य शैक्षणिक सत्र को समय पर शुरू करना है, इसलिए इस बार नया सत्र 1 अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। शिक्षा मंत्री के इस बयान से लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है, जो लंबे समय से 12वीं के परिणाम का इंतजार कर रहे थे।