Saturday, 28 March 2026

भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने लोकसभा में उठाई मांग: गणेश शंकर विद्यार्थी को मिले भारत रत्न


भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने लोकसभा में उठाई मांग: गणेश शंकर विद्यार्थी को मिले भारत रत्न

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नई दिल्ली में लोकसभा के शून्यकाल के दौरान कानपुर से भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने देश के महान क्रांतिकारी, निर्भीक पत्रकार और सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की जोरदार मांग उठाई। 

भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपने प्रसिद्ध समाचार पत्र ‘प्रताप’ के माध्यम से ब्रिटिश शासन के अन्याय और अत्याचारों के खिलाफ निर्भीक आवाज बुलंद की और स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूती प्रदान की। उन्होंने भगत सिंह सहित अनेक क्रांतिकारियों को वैचारिक एवं नैतिक समर्थन देकर राष्ट्र की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने 25 मार्च 1931 को कानपुर में हुए सांप्रदायिक दंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि उस दौरान गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपनी जान की परवाह किए बिना निर्दोष लोगों को बचाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी शहादत पर महात्मा गांधी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा था कि काश उन्हें भी ऐसी मृत्यु प्राप्त होती जिसमें वे हजारों लोगों की जान बचाते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर पाते। 

भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने यह भी उल्लेख किया कि गांधी जी ने यह तक कहा था कि स्वतंत्र भारत में यदि कोई पहले प्रधानमंत्री पद का दावेदार होता, तो वह गणेश शंकर विद्यार्थी होते। सांसद ने मांग की कि उनकी शहादत स्थली का सुंदरीकरण कर भव्य स्मारक और स्मृति वाटिका बनाई जाए तथा ऐतिहासिक ‘प्रताप प्रेस’ का जीर्णोद्धार कर उसे राष्ट्रीय पत्रकारिता संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा और लोकसभा परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का सुझाव भी दिया। 

उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी का जीवन और बलिदान देश के लिए प्रेरणास्रोत है और आजादी के अमृत काल में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना हम सभी का कर्तव्य है।

Previous
Next

Related Posts