



जोधपुर। शहर में आतंकी संगठन ISIS से जुड़े नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। आंध्रप्रदेश की विजयवाड़ा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जोधपुर के नई सड़क क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
गिरफ्तार आरोपी जिशान (19) नई सड़क स्थित सनसिटी मार्केट के बाहर लॉरी लगाकर चश्मे और बेल्ट जैसे सामान बेचता था। वह 12वीं तक पढ़ा-लिखा है और सामान्य जीवन जी रहा था।
विजयवाड़ा पुलिस ने की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, विजयवाड़ा पुलिस ने पहले एक अन्य संदिग्ध को पकड़ा था, जिसकी पूछताछ में जिशान का नाम सामने आया। इसके बाद विशेष टीम जोधपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आरोपी को देर रात हिरासत में लिया।
कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़ाव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी Students Islamic Movement of India (SIMI) से भी जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि उसे एक हैंडलर द्वारा पहले परखा गया और सफल होने पर उसे एक ऑनलाइन ग्रुप का एडमिन बना दिया गया। इसके बाद वह अन्य युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने का काम कर रहा था।
मोबाइल से डिलीट डेटा भी हुआ रिकवर
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने मोबाइल से देश विरोधी कंटेंट डिलीट कर दिया था, लेकिन जांच एजेंसी ने उसका बैकअप रिकवर कर लिया। वह ‘BE NX’ नाम के ऑनलाइन ग्रुप का एडमिन था, जहां वह कट्टरपंथी वीडियो, मैसेज और वॉइस नोट साझा करता था।
फिलहाल विजयवाड़ा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।