Friday, 27 March 2026

राजस्थान में नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि,नई दरें लागू


राजस्थान में नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि,नई दरें लागू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान में प्राइवेट तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें गुरुवार सुबह से पूरे प्रदेश में लागू हो गई हैं। इस फैसले के बाद नायरा के फ्यूल पंपों पर ईंधन भरवाने वाले वाहन चालकों को अब पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ा है।

प्रदेश में 900 से अधिक पंप, लाखों पर असर
राजस्थान में नायरा एनर्जी के करीब 900 से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हैं, जबकि देशभर में कंपनी के 6700 से ज्यादा आउटलेट्स हैं। ऐसे में कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
खासतौर पर ट्रांसपोर्ट सेक्टर, टैक्सी और ऑटो चालकों के साथ-साथ रोजाना वाहन उपयोग करने वाले लोगों के खर्च में बढ़ोतरी होना तय माना जा रहा है।

बढ़ोतरी के पीछे ये वजहें
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ऑपरेटिंग लागत में वृद्धि को इस बढ़ोतरी की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि कंपनी की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

राजस्थान नायरा पेट्रोल पंप प्रबंधक ने बताया कि कंपनी के निर्देशों के अनुसार ही कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि प्राइवेट कंपनी होने के कारण उन्हें सरकार से किसी प्रकार की सब्सिडी नहीं मिलती, इसलिए कंपनी के स्तर पर लिए गए निर्णय का पालन करना पड़ता है।

    Previous
    Next

    Related Posts