



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सर्वदलीय बैठक में प्रदेश की मौजूदा स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियां न तो केंद्र सरकार, न राज्य सरकार और न ही किसी राजनीतिक दल द्वारा उत्पन्न की गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि सभी जिलों के कलेक्टरों को मॉनिटरिंग के सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं, ताकि किसी भी प्रकार की कमी या अव्यवस्था न हो। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, केवल सतर्क रहने की जरूरत है।
सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि यह समय सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का है। सरकार आमजन को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाएगी और अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की परिस्थितियों में हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह जिम्मेदारी निभाए और अफवाहों से दूर रहे।
विपक्ष और विधायकों का मिला सहयोग
बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि वर्तमान स्थिति में विपक्ष सरकार के साथ है और सरकार को वैकल्पिक साधनों को भी बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। इसके अलावा प्रतिपक्ष के उप नेता रामकेश मीणा, कांग्रेस विधायक राजेंद्र पारीक, भाजपा विधायक श्रीचंद कृपलानी, राष्ट्रीय लोकदल के विधायकसुभाष गर्ग, बीएसपी विधायक मनोज न्यांगली और निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
वहीं संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, बाप पार्टी विधायक थावरचंद और सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। मुख्यमंत्री ने सभी दलों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।