



जयपुर। जयपुर में अवैध रूप से संचालित हो रहे कैसीनो का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। भांकरोटा इलाके में महापुरा के पास एक फार्म हाउस पर चल रहे इस कैसीनो पर दबिश देकर पुलिस ने करीब 20 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है।
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण के निर्देश पर डीएसटी वेस्ट की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। एमप्रेस ग्रीन नाम के फार्म हाउस पर छापेमारी के दौरान वहां अवैध कैसीनो संचालित होता पाया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से ₹5.82 लाख नकद, कैसीनो मशीनें और बड़ी संख्या में हुक्के बरामद किए हैं। कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने स्थानीय थाना पुलिस के साथ मिलकर ऑपरेशन को सफल बनाया।
मौके पर मौजूद करीब 20 लोग कैसीनो मशीनों पर जुआ खेलते हुए पकड़े गए। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब इस अवैध कैसीनो के संचालकों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।