



जयपुर। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने बुधवार को जल भवन स्थित 181 वार रूम कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल से संबंधित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की और कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की पेयजल संबंधी शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर पेयजल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना प्राथमिकता है।
उन्होंने 181 कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो सके।