



नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने राजस्थान के बांसवाड़ा स्थित मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने के प्रस्ताव को फिलहाल खारिज कर दिया है। यह स्थल राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के आदिवासी समुदायों के लिए गहरी आस्था का केंद्र माना जाता है।
उदयपुर से भाजपा सांसद मन्नालाल रावत ने 23 मार्च को लोकसभा में इस संबंध में सवाल उठाया था। इसके जवाब में केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने स्पष्ट किया कि मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया गया है।
पहले मिल चुकी है सिफारिश
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण ने वर्ष 2022 में ही मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने के पक्ष में अपनी सिफारिश केंद्र सरकार को भेज दी थी। इसके बावजूद अब इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिलने से इस मुद्दे पर फिर से चर्चा तेज हो गई है।
आदिवासी समाज की आस्था से जुड़ा स्थल
मानगढ़ धाम आदिवासी समुदाय के लिए ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। लंबे समय से इस स्थान को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने की मांग उठती रही है।केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद आदिवासी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रतिक्रिया आने की संभावना है।