



जयपुर। राजस्थान क्रिकेट में यथास्थिति बने रहने के संकेत मिल रहे हैं। राजस्थान क्रिकेट एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत और पांच सदस्यीय कमेटी का मौजूदा कार्यकाल 26 मार्च को पूरा हो रहा है, लेकिन इसे आगे बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, खेल एवं सहकारिता मंत्रालय मौजूदा एडहॉक कमेटी का कार्यकाल करीब दो महीने तक बढ़ा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो दीनदयाल कुमावत कन्वीनर के पद पर बने रहेंगे।
कमेटी में ये सदस्य रह सकते हैं शामिल
मौजूदा कमेटी में दीनदयाल कुमावत के साथ धनंजय सिंह खींवसर, आशीष तिवारी, पिंकेश पोरवाल और मोहित शर्मा सदस्य के रूप में शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक सरकार इन्हें यथावत रखते हुए कार्यकाल विस्तार देने पर विचार कर रही है।
क्रिकेट आयोजन में बदलाव के संकेत
क्रिकेट से जुड़े एक अन्य संभावित बदलाव में बीसीसीआई द्वारा राजस्थान में आयोजित होने वाले टी20 मैचों की संख्या कम हो सकती है। पहले जहां चार मैच प्रस्तावित थे, अब उनकी संख्या घटकर तीन होने की संभावना जताई जा रही है।
ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के घरेलू मैचों पर भी इसका असर पड़ सकता है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक घोषणा अभी होना बाकी है।