


श्रीगंगानगर। राजस्थान में कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला जारी है। बुधवार को श्रीगंगानगर के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया।
यह धमकी डाक के जरिए भेजे गए एक अज्ञात पत्र में दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया।
बीकानेर से बुलाया गया बम निरोधक दस्ता
घटना की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया। डॉग स्क्वाड और सुरक्षा टीमों ने कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। सी और डी ब्लॉक, न्यायिक अधिकारियों के कक्ष, चैंबर और कोर्ट रूम सहित सभी संवेदनशील स्थानों की जांच की गई।
कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली और कोर्ट का कामकाज सामान्य रूप से शुरू हो पाया।
कोलकाता से भेजा गया था धमकी भरा पत्र
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा पत्र कोलकाता के एक गलत पते से भेजा गया था। अब पुलिस और साइबर सेल इस पत्र के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। पोस्टल विभाग की मदद से यह जांच की जा रही है कि यह किसी की शरारत है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि 10 मार्च को भी श्रीगंगानगर के पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की ई-मेल धमकी मिली थी। इसके अलावा इस महीने राजस्थान हाईकोर्ट समेत कई जिला न्यायालयों, पासपोर्ट ऑफिस और डाकघरों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार मिल रही इन धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है।