



जयपुर। हाईकोर्ट की सख्ती का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी के सामुदायिक भवन को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने कोर्ट के फैसले से पहले ही खाली करना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार JDA ने निर्धारित सुनवाई से पहले ही अपने कार्यालय का सामान सामुदायिक भवन से हटाना शुरू कर दिया। अब प्राधिकरण कोर्ट में शपथ पत्र प्रस्तुत कर यह बताएगा कि उसने न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना करते हुए भवन को खाली कर दिया है।
यह कार्रवाई पत्रकार कॉलोनी विकास समिति और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। समिति के संरक्षक वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि उन्होंने स्वर्गीय पत्रकार कानाराम कड़वा के साथ मिलकर इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी।
JDA ने करीब डेढ़ साल पहले इस सामुदायिक भवन में पीआरएन जोन कार्यालय शुरू कर दिया था, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। मामला कोर्ट में पहुंचा, जहां हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि सामुदायिक भवन आमजन की सुविधा के लिए होते हैं, न कि सरकारी कार्यालयों के संचालन के लिए।
कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद JDA ने अपना कार्यालय समेटना शुरू कर दिया और कर्मचारियों को मेटाडोर में सामान ले जाते हुए देखा गया।