Saturday, 29 August 2026

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बनाया नया रिकॉर्ड: 23 दिन में 10वीं का परिणाम घोषित, 94.23 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण


राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बनाया नया रिकॉर्ड: 23 दिन में 10वीं का परिणाम घोषित, 94.23 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर इतिहास रच दिया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दोपहर एक बजे बोर्ड मुख्यालय अजमेर में संगणक का बटन दबाकर परिणाम जारी किया।

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब परीक्षा समाप्त होने के मात्र 23 दिनों के भीतर परिणाम घोषित किए गए हैं। बोर्ड प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने बताया कि इस वर्ष परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित की गई थीं। राज्यभर में कुल 6,195 परीक्षा केंद्रों पर विषयवार परीक्षाएं संपन्न हुईं।

रिकॉर्ड समय में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 30 हजार से अधिक परीक्षकों को तैनात किया गया, जिन्होंने दिन-रात कार्य कर इस उपलब्धि को संभव बनाया।

इस वर्ष कुल 94.23 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें 94.90 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं, जबकि 93.63 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। इससे स्पष्ट है कि इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है।

प्रवेशिका परीक्षा 2026 के अंतर्गत कुल 7,864 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 7,570 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 499 छात्र और 460 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। प्रवेशिका परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 87.11 रहा, जिसमें 85.77 प्रतिशत छात्र और 85.33 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं।

परिणाम घोषणा के साथ ही आगामी सत्र 2026-27 के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया है। अब कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी। पहली परीक्षा सभी विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य होगी, जबकि दूसरी परीक्षा ऐच्छिक रखी जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को अपने अंकों में सुधार का अवसर मिल सकेगा और मानसिक दबाव भी कम होगा।

समय पर परिणाम जारी होने से विद्यार्थी 1 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले नए शैक्षणिक सत्र में बिना किसी विलंब के प्रवेश ले सकेंगे। शिक्षा मंत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

परिणाम जारी होने के बाद छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट्स rajeduboard.rajasthan.gov.in और rajresults.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए छात्रों को अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।

    Previous
    Next

    Related Posts