Tuesday, 24 March 2026

तरुशी राय बनीं फेमिना मिस इंडिया राजस्थान 2026, अब राष्ट्रीय मंच पर करेंगी प्रतिनिधित्व


तरुशी राय बनीं फेमिना मिस इंडिया राजस्थान 2026, अब राष्ट्रीय मंच पर करेंगी प्रतिनिधित्व

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मिस राजस्थान-2022 की विजेता तरुशी राय ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए फेमिना मिस इंडिया राजस्थान-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ अब वह राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी और मिस वर्ल्ड की दौड़ में शामिल होंगी।

मिस राजस्थान संगठन के आयोजक और तरुशी राय के मेंटर योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने बताया कि फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता का यह 61वां वर्ष है। उन्होंने कहा कि राजस्थान से चयनित होकर तरुशी ने एक नई मिसाल कायम की है। फेमिना मिस इंडिया की विजेता अंतरराष्ट्रीय मंच मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करती है।

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष मिस राजस्थान-2023 की विजेता वैष्णवी शर्मा ने भी फेमिना मिस इंडिया राजस्थान का खिताब जीता था। इस प्रकार मिस राजस्थान संगठन ने लगातार दूसरी बार यह उपलब्धि हासिल की है।

24 वर्षीय तरुशी राय एक मॉडल होने के साथ-साथ इलेक्ट्रिकल एवं कंप्यूटर इंजीनियरिंग के क्षेत्र से भी जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि मिस इंडिया का ताज जीतना उनका सपना है और इसके लिए वे लंबे समय से मेहनत कर रही हैं। उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन करना है।

तरुशी राय जयपुर के वैशाली नगर क्षेत्र की निवासी हैं। उनके पिता प्रहलाद राय लोक निर्माण विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता ममता राय मेकअप आर्टिस्ट हैं। अब फेमिना मिस इंडिया राजस्थान-2026 बनने के बाद वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

Previous
Next

Related Posts