



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नवरात्र के पावन अवसर पर जोबनेर स्थित ज्वाला माता मंदिर और सांभर स्थित शक्तिपीठ शाकंभरी माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।
ज्वाला माता मंदिर में पुजारियों ने मुख्यमंत्री को माता की चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया, वहीं मंदिर ट्रस्ट द्वारा साफा पहनाकर और माता की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में नौ देवी स्वरूप कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री शाकंभरी माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माता के दरबार में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की और हवन में आहुति भी दी। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की, जिससे आमजन में खासा उत्साह देखने को मिला।
जयपुर लौटते समय मुख्यमंत्री ने दहमीकलां स्थित श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर में भी दर्शन किए, जहां पुजारी द्वारा शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विभिन्न स्थानों पर आमजन और किसानों ने उनका भव्य स्वागत किया। झोटवाड़ा, हाथोज, धानक्या मोड़ और कालवाड़ में लोगों ने पुष्पवर्षा और फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया। किसानों ने गेहूं की बालियां भेंट कर आभार जताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बस्सी नागा स्थित बजरंग गोशाला में गायों को गुड़ खिलाकर गौ सेवा की और जोबनेर कृषि विश्वविद्यालय में श्री कर्ण नरेंद्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।
फुलेरा में भी मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया, जहां उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके अलावा रिणगी, बिचून और मोखमपुरा गांवों में भी ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण मौजूद रहे।