



टोंक। भाजपा युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2018 में कांग्रेस ने सचिन पायलट के नाम पर सत्ता हासिल की, लेकिन बाद में उन्हें ही अपनी सरकार के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा।
गोरा सोमवार को टोंक स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसान और अन्य जातियों को गुमराह कर सत्ता हासिल की। बाद में सचिन पायलट को अपनी मांगों को लेकर अजमेर से जयपुर तक पदयात्रा करनी पड़ी और अपने ही विधायकों के साथ मानेसर में बैठना पड़ा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर ही आंतरिक कलह है और सचिन पायलट की अपने ही नेताओं से नहीं बनती। गोरा ने यह भी आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के बीच भी तालमेल नहीं है।
टोंक में हाल ही में हुई पथराव की घटना पर उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्थान में किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की घटना को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई, यहां तक कि बुलडोजर कार्रवाई भी की जाएगी।
गोरा ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को केंद्र में रखकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वर्ष 2026 के लिए विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक सरकारी भर्तियों का कैलेंडर जारी किया गया है, जिससे युवाओं को समयबद्ध तरीके से रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।