



जयपुर। रेवाड़ी से जयपुर के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन परियोजना को गति मिल गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के स्तर पर इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जा रहा है और रेलवे ने फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) के लिए 5.73 करोड़ रुपए मंजूर कर दिए हैं।
यह प्रस्तावित रेल लाइन करीब 191 किलोमीटर लंबी होगी, जो रेवाड़ी से नीमराना होते हुए जयपुर तक जाएगी। फिलहाल इस रूट पर सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे यात्रियों को लंबा और अप्रत्यक्ष सफर करना पड़ता है। नई लाइन बनने के बाद यात्रा समय में कमी आएगी और सीधा कनेक्शन उपलब्ध होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, FLS के दौरान रूट, भूमि अधिग्रहण और तकनीकी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर निर्माण कार्य को अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
इस परियोजना से नीमराना के औद्योगिक क्षेत्र को विशेष लाभ मिलने की संभावना है। यहां स्थित उद्योगों तक माल परिवहन आसान होगा, जिससे व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
रेलवे का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी नई गति देगी। फिलहाल सर्वे की मंजूरी को इस महत्वाकांक्षी परियोजना की दिशा में पहला बड़ा कदम माना जा रहा है।