



जयपुर। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी सुमित कुमार को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सीजेएम कोर्ट जयपुर महानगर-प्रथम में पेश किया गया। इस दौरान राजस्थान इंटेलिजेंस की ओर से आगे की जांच के लिए आरोपी का 12 दिन का रिमांड मांगा गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी को 2 अप्रैल तक रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।
यह आदेश सीजेएम कोर्ट जयपुर महानगर-1 के जज प्रियशंकर सिंह द्वारा जारी किए गए। कोर्ट में राजस्थान इंटेलिजेंस की ओर से एडवोकेट सुदेश सत्तावन ने पैरवी की।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान इंटेलिजेंस और एयरफोर्स इंटेलिजेंस, नई दिल्ली की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। सुमित कुमार असम के डिब्रूगढ़ स्थित चबुआ एयरफोर्स स्टेशन में मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद पर कार्यरत था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान के खुफिया हैंडलर्स के लिए जासूसी करता था और एयरफोर्स स्टेशन सहित अन्य संवेदनशील सैन्य जानकारियां सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं और नेटवर्क के अन्य कनेक्शनों की भी जांच जारी है।