Monday, 23 March 2026

शिवमहापुराण कथा में उमड़ी भारी भीड़, फर्जी पास से मचा हंगामा


शिवमहापुराण कथा में उमड़ी भारी भीड़, फर्जी पास से मचा हंगामा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में चल रही कथावाचक प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा के चौथे दिन भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कथा को लेकर जयपुर सहित आसपास के जिलों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिसके चलते आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की संख्या निर्धारित सीटिंग क्षमता से अधिक हो गई।

इस बीच फर्जी पास का मामला सामने आने से आयोजन स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, कुछ लोग ओरिजिनल पास की रंगीन फोटो कॉपी बनाकर लोगों में बांट रहे थे, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु फर्जी पास लेकर कथा स्थल पर पहुंच गए। चेकिंग के दौरान हॉलमार्क से इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

आयोजकों ने बताया कि पासधारकों के लिए निर्धारित परिसर में क्षमता से अधिक लोग पहुंच गए, जिससे कई श्रद्धालुओं को बाहर खड़ा रहना पड़ा और नाराजगी भी देखने को मिली। बाद में प्रशासन और आयोजकों ने कार्रवाई करते हुए फर्जी पास जारी करने वालों को पकड़ा।

भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और पूरे परिसर में बैरिकेडिंग की गई है। पहली बार आयोजन स्थल पर एआई कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा सीएसटी और विभिन्न जिलों की डीएसटी टीमें भी सक्रिय हैं, जो जेब कटाई और अन्य अपराधों पर नजर रख रही हैं।

कथा के समय में भी बदलाव किया गया है। अब कथा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है, जबकि पास धारकों की एंट्री दोपहर 12 बजे तक ही दी जा रही है। एंट्री के लिए सख्त व्यवस्था लागू की गई है और श्रद्धालुओं को लाइन में लगकर ही प्रवेश दिया जा रहा है। भीड़ अधिक होने पर कई बार प्रवेश अस्थायी रूप से रोकना भी पड़ा।

रविवार को तीसरे दिन भीड़ सबसे ज्यादा रही, जहां पास होने के बावजूद कई लोगों को प्रवेश नहीं मिल पाया, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से समय से पहले पहुंचने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Previous
Next

Related Posts