



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि राजस्थान में पेट्रोल-डीजल, एलपीजी गैस एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। साथ ही शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए भी पर्याप्त गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि एलपीजी और गैस से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए 181, 112 और 14435 हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं। मुख्य सचिव को निर्देश दिए गए हैं कि इन हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सिटी गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि पाइप्ड नैचुरल गैस कनेक्शन तेजी से उपलब्ध कराए जाएं, जिससे एलपीजी पर निर्भरता कम हो सके। उन्होंने जिला कलेक्टरों को 24 घंटे के भीतर लंबित पाइपलाइन अनुमतियों को स्वीकृत करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा व्यावसायिक एलपीजी के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त आवंटन और 5 किलो सिलेंडरों के लिए 20 प्रतिशत अतिरिक्त आपूर्ति का पूरा लाभ आम उपभोक्ताओं तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
उर्वरकों की उपलब्धता पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यूरिया, डीएपी और अन्य खादों की आपूर्ति बनाए रखने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों और कृत्रिम संकट पैदा करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।