



जयपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने संगठन को मजबूत करने और लोकतांत्रिक मुद्दों को उठाने के लिए “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 1 अप्रैल से पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा, जिसमें पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर विशेष फोकस रहेगा।
डोटासरा ने बताया कि अभियान के तहत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा और चुनावों को लेकर माहौल बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2 और 3 अप्रैल को वे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ ब्यावर और बालोतरा का दौरा करेंगे।
ओबीसी आयोग के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए डोटासरा ने आरोप लगाया कि सरकार ने आयोग को निष्क्रिय कर रखा है और उसे काम नहीं करने दिया जा रहा है। उन्होंने एसआईआर को लेकर भी सरकार पर गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया।
इसके अलावा, डोटासरा ने बताया कि 27 मार्च को कांग्रेस जयपुर में गैस किल्लत के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी।