



अलवर। नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने नवरात्र के पावन अवसर पर पत्नी गीता जूली के साथ अरावली पर्वत श्रृंखलाओं के बीच स्थित करणी माता मंदिर में मां करनी की आरती कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जूली ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि करणी माता को शक्ति का अवतार माना जाता है और देशभर से श्रद्धालु उनकी आस्था और चमत्कारों के प्रति विश्वास लेकर यहां दर्शन करने आते हैं।
करणी माता मेला कमेटी के संयोजक राजेश जोशी, कोषाध्यक्ष नरेश चौधरी और मंदिर के विपिन शर्मा ने जूली का पटका पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान जूली ने सरिस्का बफर जोन में सुरक्षा को लेकर श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि जंगल क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश से बचें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।