Monday, 23 March 2026

मंदिर में फर्जी शादी, 2.10 लाख रुपए लेकर दुल्हन हुई फरार, पुलिस ने दो महिलाओं और एक दलाल को किया गिरफ्तार


मंदिर में फर्जी शादी, 2.10 लाख रुपए लेकर दुल्हन हुई फरार, पुलिस ने दो महिलाओं और एक दलाल को किया गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं और एक दलाल को गिरफ्तार किया है। बिंदायका थाना पुलिस की कार्रवाई में सामने आया कि यह गिरोह भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में वंदना उर्फ कोमल (लुटेरी दुल्हन) निवासी गज लालडोरा, नई दिल्ली और आरती उर्फ लक्ष्मी (मुंहबोली मां) निवासी प्रहलादपुर, नई दिल्ली शामिल हैं। इससे पहले पुलिस ने गिरोह के दलाल विक्रम दास निवासी बावरला, जोधपुर को भी गिरफ्तार किया था।

जांच में सामने आया कि दलाल विक्रम दास के जरिए शादी के इच्छुक लोगों से संपर्क किया जाता था। सौदा तय होने के बाद वंदना उर्फ कोमल दुल्हन बनकर शादी करती और कुछ ही समय बाद घर में रखे कैश, गहने और कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी। इसके बाद लूटी गई रकम को गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

पीड़ित दूल्हे की शिकायत के अनुसार आरोपियों ने शादी करवाने के नाम पर उससे करीब 2.10 लाख रुपए लिए। जून 2025 में दिल्ली के एक मंदिर में उसकी शादी करवाई गई, लेकिन शादी के कुछ ही दिन बाद दुल्हन घर से नकदी और गहने लेकर फरार हो गई।

गैंग को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और गुजरात सहित कई राज्यों में दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इस गैंग के अन्य मामलों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।

Previous
Next

Related Posts