



जयपुर। राजस्थान में जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विद्यार्थियों को सुरक्षित, आधुनिक और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सकें।
उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना शिक्षा के विकास की नींव होती है और केंद्र सरकार के इस सहयोग से प्रदेश में स्कूलों की स्थिति में गुणात्मक सुधार आएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में शिक्षा क्षेत्र में लगातार सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं और राजस्थान के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।