



जयपुर में यूजीसी बिल के विरोध में राजपूत करणी सेना ने जयपुर ग्रामीण से भाजपा सांसद राव राजेंद्र सिंह के खातीपुरा स्थित आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। करणी सेना कार्यकर्ताओं ने खातीपुरा से सांसद के घर तक रैली निकालकर नारेबाजी की और बिल के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े लहराकर सांसद की चुप्पी का विरोध किया और यूजीसी बिल को वापस लेने की मांग को लेकर आवास के बाहर तथा सांसद के नाम के होर्डिंग्स पर पोस्टर चिपकाए।
करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान सांसद राव राजेंद्र सिंह अपने आवास पर मौजूद नहीं थे, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखा। करणी सेना के प्रधान संरक्षक शेर सिंह कालवी ने कहा कि वे सांसद से यह सवाल पूछने आए हैं कि वे छात्रों के हित में कब आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि “हम लगातार आपको वोट देते आए हैं, लेकिन अब हमारे बच्चों के मुद्दों पर भी आपकी आवाज जरूरी है।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सांसद ने जल्द ही यूजीसी बिल पर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की, तो करणी सेना का विरोध और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष नारायण सिंह दिवराला, महेंद्र सिंह प्रयागपुरा, हेम सिंह बाड़मेर, पार्षद अरविंद कुलवाल और राजेंद्र सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।