



राजस्थान कैडर की 2010 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नेहा गिरी को केंद्र सरकार ने प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर दिल्ली बुलाया है। केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार उन्हें अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय में निदेशक (Director) पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति पांच वर्षों के लिए की गई है।
नेहा गिरी की यह नियुक्ति ‘सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम’ के तहत हुई है। राजस्थान में उन्होंने ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। विभिन्न जिलों में कलेक्टर और मिशन डायरेक्टर के रूप में उनके अनुभव को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
अब वे अल्पसंख्यकों के कल्याण और सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगी। उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली से मंत्रालय को नीति निर्माण और क्रियान्वयन में लाभ मिलने की उम्मीद है।
विशेष बात यह है कि उनके पति इंद्रजीत सिंह भी वर्तमान में केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। उन्हें पिछले वर्ष अगस्त में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय में निदेशक नियुक्त किया गया था। इस तरह अब यह आईएएस दंपत्ति दिल्ली में रहकर केंद्र सरकार में अपनी सेवाएं देंगे।